पूर्णिया: नववर्ष 2026 के आगमन पर विधायक विजय खेमका ने पूर्णिया जिले की समस्त जनता को शुभकामनाएं देते हुए सुखद, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि धर्म, राष्ट्र और समाज—इन तीनों के बीच संतुलन बनाकर ही विकसित भारत और आत्मनिर्भर बिहार की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
विधायक ने कहा कि भारतीय संस्कृति हमें यह सिखाती है कि राष्ट्र सर्वोपरि है। राष्ट्र के प्रति समर्पण, सेवा और आवश्यकता पड़ने पर सर्वस्व अर्पित करने का भाव ही सच्ची देशभक्ति का परिचायक है। उन्होंने युवाओं और भैया-भगनियों से आह्वान किया कि वे मोबाइल और आधुनिक तकनीक के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को भी अपने जीवन में अपनाएं।
श्री खेमका ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तथा एनडीए सरकार के कार्यकाल में युवाओं और महिलाओं के लिए अभूतपूर्व अवसर उपलब्ध हुए हैं। नए साल में इन अवसरों का सही दिशा में उपयोग कर हम सभी को मिलकर विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करना है।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि नारी का सम्मान ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है। जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी समाज और देश सशक्त बनेगा।
विधायक ने कार्यकर्ताओं, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे न केवल स्वयं बल्कि अपने आस-पड़ोस, समाज और कमजोर वर्गों तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
अंत में श्री खेमका ने कहा कि नववर्ष 2026 विकसित और आत्मनिर्भर पूर्णिया के निर्माण के उनके संकल्प की नई शुरुआत है, जिसे जनसहयोग से अवश्य पूरा किया जाएगा।
